संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सीआईए-दो ने छीना-झपटी की विभिन्न वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने चार वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी रवि उर्फ छोटू निवासी जाटव कॉलोनी व सोनू साहनी हॉल निवासी किशनपुरा पानीपत के कब्जे से 20 हजार रुपये बरामद किए। थाना सदर थानेसर में 22 मई को दर्ज शिकायत में रंजना गोयल निवासी सेक्टर-37 फरीदाबाद ने बताया था कि 22 मई को वह अपने पति के साथ कार में त्रिलोकपुर दर्शन करने के लिए जा रहे थे। सुबह 11 बजे के करीब जीटी रोड पर प्रतापगढ़ मोड़ के पास पानी की बोतल खरीदने के लिए कार रोकी थी। जैसे ही वह खोखे से पानी की बोतल लेकर कार की तरफ आने के लिए चली तो पीछे से आया एक युवक उसके गले से सोने की चेन छीनकर अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। शिकायत पर केस दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए आरोपी रवि व सोनू साहनी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर मामले में गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपये बरामद किए।
आरोपियों से पूछताछ जारी
सीआईए-दो के प्रतीक कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने सेक्टर-तीन, सेक्टर-पांच, पिपली तथा जीटी रोड पर हुई वारदात को कबूला है। इन सभी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।