कुरुक्षेत्र। सूरजमुखी खरीद में महज चार दिन बाकी हैं। 31 जून के बाद खरीद बंद हो जाएगी, जिसके चलते 95 फीसदी तक आवक भी हो चुकी है तो वहीं बाकी की आवक को लेकर भी किसान दिन-रात एक किए हुए हैं। अभी तक दो लाख 22 हजार 750 क्विंटल की आवक हो चुकी है, जिसमें से दो लाख 22 हजार 310 क्विंटल की खरीद की जा चुकी है।
इस बार जिला की इस्माईलाबाद, झांसा, बाबैन, थानेसर, लाडवा, शाहाबाद व ठोल अनाजमंडियों में सूरजमुखी खरीद के लिए केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर एक जून से खरीद शुरू की गई थी। प्रदेश सरकार के निर्देश पर खरीद हैफेड द्वारा की जा रही है। अभी तक मंडियों में पहुंची अधिकतर फसल की खरीद की जा चुकी है तो वहीं खरीदी गई फसल में से 90 फीसदी से ज्यादा का उठान भी किया जा चुका है। हालांकि अभी सूरजमुखी की आवक जारी है, लेकिन अभी तक हुई आवक ने पिछले साल का रिकाॅर्ड तोड़ दिया है। पिछले साल दो लाख 30 हजार क्विंटल की आवक हुई थी, जो हैफेड द्वारा ही खरीद की गई थी।
शाहाबाद अनाजमंंडी में सबसे ज्यादा एक लाख 58 हजार 610 क्विंटल की खरीद
अभी तक सभी सात मंडियों में सबसे ज्यादा खरीद शाहाबाद अनाजमंडी में बनाए केंद्र पर हुई है। यहां एक लाख 58 हजार 610 क्विंटल फसल खरीदी जा चुकी है जबकि इस्माईलाबाद में 25960, झांसा में 20020, बाबैन में 7720, थानेसर में 4090, लाडवा में 1930 व ठोल में 3950 क्विंटल सूरजमुखी खरीदी जा चुकी है।
किसानों को नहीं आने दी जा रही कोई असुविधा : शमशेर सिंह
हैफेड जिला प्रबंधक शमशेर सिंह का कहना है कि सभी केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त सुविधाएं जुटाई गई है। 31 जून तक ही खरीद कार्य किया जाएगा। अभी तक खरीद की गई फसल में से 90 फीसदी से ज्यादा का उठान व भुगतान भी किया जा चुका है। किसी भी केंद्र से किसी भी किसान की ओर से फसल खरीद व किसी सुविधा को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। पिछले साल दो लाख 30 हजार क्विंटल फसल की कुल खरीद हुई थी।