गांव भूस्तला में दलित समुदाय की घुड़चढ़ी रोकने और मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि एससी/एसटी एक्ट के तहत 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लेकिन इनमें से अभी चार आरोपी ही पुलिस गिरफ्त में आए हैं। एसपी ने दावा किया है कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर पीड़ित परिवार से मिलने के लिए पिहोवा के विधायक जसविंदर सिंह संधू और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर भी मिलने पहुंचे।
गांव में अभी भी पुलिस बल की तैनाती
तीन दिनों से सुर्खियों में चल रहे भूस्तला मामले में गांव में अभी भी पुलिस बल तैनात है। पंचायत और पुलिस प्रशासन का दावा है कि गांव में पूरी तरह से शांति हैं और किसी तरह का कोई तनाव नहीं है। इधर झांसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 में से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक भूस्तला निवासी सुरेश कुमार की शिकायत के बाद 20 लोगों के खिलाफ एसटी/एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की। चार आरोपी मोहित, प्रताप सिंह, जगबीर और कर्णसिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
अनुसूचित जाति आयोग के ईश्वर सिंह ने की मुलाकात
मामला सुर्खियों में आने के बाद सोमवार को अनुसूचित जाति आयोग के ईश्वर सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। जबकि मंगलवार को पहले पिहोवा विधायक जसविंदर सिंह संधू ने पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि वे और पार्टी उनके साथ है। इसके बाद शाम को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर गांव में पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। ऐसा करने वाले लोगों की मानसिकता ओछी होती है। उन्होंने कहा कि इस मामले में विधानसभा में उठाया जाएगा। देश में सभी को समान अधिकार हैं। तंवर ने कहा गांव के लोगों ने इस घटना के बाद भी गांव मे भाईचारा नहीं बिगड़ने दिया इसकी वे सराहना करते हैं।
वर्जन
पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए भी अलग-अलग विशेष पुलिस टीम छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
-सिमरदीप सिंह, एसपी कुरुक्षेत्र।