कुरुक्षेत्र। जिला सिविल सर्जन डाॅ. सुखबीर सिंह ने बताया कि डेंगू से बचाव व रोकथाम के लिए शहरी क्षेत्रों थानेसर, लाडवा, शाहबाद व पिहोवा में गठित टीमों द्वारा व जिला मलेरिया विभाग और नगर परिषद के माध्यम से फॉगिंग करवा रही है। इसके साथ-साथ, घरों में एंटी लारवा एक्टिविटी, सोर्स रिडक्शन एक्टिविटी, गमलों, कूलरों, ऐसे बर्तन, जिनमें व्यर्थ में पानी खड़ा है उस पानी को भी खाली करवा रही है। इसके अतिरिक्त आमजन को भी इस विषय में जागरूक कर रहे हैं कि अपने आस-पास पानी खड़ा न होने दें।
सिविल सर्जन डाॅ. सुखबीर सिंह ने बताया 25 स्वास्थ्य टीमों की ओर से डेंगू के अब तक कुल 3695 सैंपल लिए गए हैं। अब तक कुल 282 केस एक्टिव थे और कुल 282 डेंगू के मरीज रिकवर हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुल 156565 घरों को चैक किया जा चुका है, जिसमें से आज 3672 घरों को चैक किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कुल 2091 लारवा पॉजिटिव पाया गया है। यदि कहीं पर भी पानी खड़ा है और उसको निकालना संभव नहीं है तो उसमें कोई भी चिकनाई युक्त तरल पदार्थ या काला तेल अवश्य डालें, जिसमें कि मच्छर पैदा ना हो। समय-समय पर विभाग की ओर से जोनल एनाटोमी लोजिस्ट टीम को भी जिला में मच्छरों की डेंसिटी मापने के लिए बुलाया जाता है।