कुरुक्षेत्र। रोडवेज परिसर में खड़ी रोडवेज की बस। संवाद
कुरुक्षेत्र। पिछले तीन से चार दिनों से सर्दी का प्रभाव बढ़ रहा है। सुबह धुंध का असर दिखने लगा है। रोडवेज बसों में फॉग लाइट नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। कोहरे से बचाव के लिए बसों में फॉग लाइट का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन कुरुक्षेत्र डिपो की अधिकतर बसों में फॉग लाइटें ही नहीं लगीं।
ऐसे में वाहन चलाने में दिक्कत होती है। लंबी दूरी की बसें हों या निकट की, इन्हें बिना फॉग लाइट के ही दौड़ाया जा रहा है। धुंध के कारण दृश्यता बहुत कम हो जाती है जिसके कारण हादसों की संभावनाएं बनी रहती हैं। रोडवेज विभाग ने बसों में फॉग लाइटें लगवानी शुरू कर दी हैं। जिले में 155 बसें हैं जिनमें लंबे रूटों को छोड़कर लोकल रूटों की करीब 60 बसों में अभी तक फॉग लाइट नहीं लगी है।
लोकल रूटों की बसें बिना फॉग लाइटों के ही दौड़ रही हैं। इसके चलते कोहरे में यात्रियों की जान जोखिम में रहती है। इसके चलते रोडवेज की बसों में हर रोज सैकड़ों लोग अपनी जान को संकट में डालकर यात्रा कर रहे हैं। इसकी बड़ी वजह यह है कि कोहरे के मौसम में रोडवेज की बसों पर अभी तक फॉग लाइटें नहीं लग पाई हैं। फॉग लाइटों के अभाव में अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
बसों में लगाई जाएंगी फॉग लाइटें
रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना है कि रोडवेज की कुछ बसों में फॉग लाइटें लगी हुई हैं और कुछ में लगवाई जा रही हैं। धुंध शुरू होते ही बसों में रिफ्लेक्टर लगवा दिए जाएंगे। वाहन चालकों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा ।
कुरुक्षेत्र। रोडवेज परिसर में खड़ी रोडवेज की बस। संवाद