संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा/ पिहोवा/बाबैन। इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला मंगलवार को बाढ़ पीड़ित लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने पिहोवा, लाडवा व बाबैन क्षेत्रों के चनालहेड़ी, सुरमी, लुखी, बचकी, टकोरन, सारसा, गुढा सहित अन्य गांवों का दौरा किया और पीड़ित ग्रामीणों से मिलकर हाल जाना। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा मौजूदा सरकार ने पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे, जिसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ आ गई
चौटाला ने कहा कि बाढ़ ने किसानों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है, जिससे निकलना आसान नहीं है। उन्होंने कहा 2024 के चुनाव में इनेलो की सरकार बना दो, पूरे प्रदेश के लोगों का खुशहाल कर दूंगा। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही से कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जिसके कारण आज किसानों की धान की फसल बर्बाद हो गई। किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने पीड़ितों को राहत देने के लिए कोई भी उचित प्रबंध नहीं किए, जिसके कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में इनेलो पार्टी की सरकार बनना और गठबंधन सरकार का जाना भी तय है। मौके पर जगदीप दुगारी, करनैल सिंह, जगीर सिंह, स्वीटी भुल्लर, देवेन्द्र बड़¸तौली, सरपंच सुरजीत सिंह, अरमान बकाली आदि मौजूद रहे।