भले ही नए कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों में तेजी से गिरावट आ रही है, लेकिन मौत का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को जिन पांच कोरोना संक्रमितों की मौत की पुष्टि की है, उनमें से चार ग्रामीण हैं और शनिवार को सामने आए नए 105 कोरोना पॉजिटिव केस में से 78 मरीज ग्रामीण हैं। इनमें नौकरी पेशा करने वाले ही नहीं, किसान, गृहणी और बच्चे भी शामिल हैं। कुरुक्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा 281 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना पॉजिटिव गांव अजराना कलां निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग, हाउसिंग बोर्ड शाहाबाद निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग, गांव बाबैन निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति, गांव नलवी निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति, गांव छलौंदी निवासी 33 वर्षीय व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। कुरुक्षेत्र में फिलहाल 1498 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। इनमें से 80 मरीजों को एलएनजेपी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड, 431 को अन्य निजी व सरकारी अस्पताल और 987 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। कुरुक्षेत्र में अब तक 20989 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। इनमें से 19 हजार 210 मरीज कोरोना को मात देकर सकुशल वापस लौट चुके हैं। जिला सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य का मुख्य फोकस अब ग्रामीण क्षेत्र पर है, इसके लिए विभाग की टीमें निरंतर गांवों में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग कर रही है। अगर किसी भी व्यक्ति में खांसी, जुकाम या बुखार के लक्षण नजर आते है तो उसका नाम रिकार्ड में दर्ज किया जाता है और उसे अपना कोविड टेस्ट करवाने के लिए सीएचसी, पीएचसी में भेजा जा रहा है। कहा कि कुरुक्षेत्र का रिकवरी रेट आंकड़ा बढ़कर 91.52 फीसदी तक पहुंच गया है। अब तक 19210 मरीज कोरोना को हरा चुके है। शनिवार को एक ही दिन में 169 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके है। कुरुक्षेत्र में सैंपल पॉजिटिविटी रेट 6.24 फीसदी तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक लिए गए 337569 में से 315398 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
उधर, स्वास्थ्य विभाग का वैक्सीनेशन अभियान लगातार जारी है। विभाग द्वारा एलएनजेपी अस्पताल सहित विभिन्न वैक्सीनेशन सेंटर पर 1951 को पहली और 175 को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनुपमा सिंह के अनुसार अब तक स्वास्थ्य विभाग 1 लाख 55 हजार 445 को पहली और 28 हजार 611 को दूसरी डोज लगा चुका है। एलएनजेपी अस्पताल में भी शनिवार को 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले 171 लाभार्थियों को कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई। इनमें से 130 को पहली और 41 को दूसरी डोज लगाई गई।