कुरुक्षेत्र। ड्यूटी ज्वाइन कराने की मांग के लिए सफाई कर्मचारियों का आंदोलन वीरवार को भी जारी रहा। कर्मचारियों ने पहले ड्यूटी ज्वाइन कराने से इन्कार करने और बाद में नई शर्तों के साथ आवेदन थमाए जाने का आरोप लगाते हुए रोष जताया। करीब तीन घंटे इंतजार करने के बाद कर्मचारियों ने दोबारा डीएमसी कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। दिनभर कर्मचारी कार्यालय के बाहर जिला सचिवालय परिसर में नारेबाजी करते रहे।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार के साथ उनकी जिन शर्तों और बिंदुओं पर सहमति बनी थी, उसी के अनुसार उन्हें ड्यूटी पर ज्वाइन कराया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि अब ज्वाइन कराने के नाम पर नई शर्तें रखी जा रही हैं, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें पहले की स्थिति के अनुसार ड्यूटी नहीं दी जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, सफाई आयोग के सदस्यों संजीव घारू व रेखा शर्मा की ओर से पत्रकारों से बातचीत में दावा किया गया कि कर्मचारियों और प्रशासन के बीच चल रहा विवाद सुलझा लिया गया है। इसके बाद कर्मचारियों को ड्यूटी पर ज्वाइन कराने की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई। हालांकि, कर्मचारियों ने इस दावे को नकार दिया। उनका कहना है कि मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है और उन्हें अभी तक उनकी मांग के अनुसार ड्यूटी नहीं मिली है।
कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार और प्रशासन के स्तर पर जो सहमति बनी थी, उसका पालन किया जाना चाहिए। नई शर्तें थोपकर मामले को उलझाने के बजाय कर्मचारियों को उसी व्यवस्था के तहत ड्यूटी पर लिया जाए, जिस पर पहले सहमति बनी थी।