आकाश नगर स्थित प्रेरणा वृद्धाश्रम के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक सवार युवक पर कई राउंड फायर किये और वारदात को अंजाम देने के तत्काल बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की सीआईए-2 के प्रभारी मलकीत सिंह सहित सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, गंभीर हालत में युवक को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
जानकारी के अनुसार यूपी के सहारनपुर निवासी हाल ही में किरायेदार आकाश नगर निवासी शुभम अपने साले अक्षय के साथ बाइक पर किसी काम से जा रहा था। जैसे ही वह प्रेरणा वृद्धाश्रम के सामने पहुंचा तो वहां पहले से ही खड़े बाइक सवार दो युवकों ने शुभम को रोककर उसके साथ हाथापाई की और 4-5 राउंड फायरिंग की। जैसे ही शुभम अपनी जान बचाने के लिए समीप के घर में घुस गया तो बदमाश ने शुभम की बाजू व छाती पर गोली मारी दी। मौके पर पहुंची सीआईए-2 प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि हमलावरों ने युवक पर चार से पांच राउंड फायर किये थे, दो गोलियां शुभम को लगी हैं। गंभीर हालत को देखते हुए शुभम को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि युवक को होश आने पर उसके ब्यान दर्ज किये जाएंगे। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ लग रहा है। हालांकि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। उधर, मौके पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीम के विशेषज्ञ डॉ. अशोक वर्मा ने घटनास्थल से नमुने एकत्रित किये। वहीं, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात की फुटेज को पुलिस खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही हमलावरों को काबू किया जाएगा।