अनाज मंडी में सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार दो युवकों ने गोलियां बरसा दी। उन्होंने एक आढ़ती को अपना निशाना बनाया, जिन्होंने झुककर अपनी जान बचाई। जानकारी केे अनुसार आढ़ती सुरेंद्र सिंह जलंधर रात करीब साढ़े दस बजे 80 नंबर दुकान से घर से लिए निकले थे। तभी बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन पर गोलियां दाग दी। हालांकि ये गोलियां आढ़ती को नहीं लग पाई, जिससे बड़ी घटना टल गई।
इसके उपरांत आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुभाष सिटी एसएचओ, सीआईए अधिकारी, सुभाष मंडी चौकी प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और नाकेबंदी भी की, लेकिन आरोपी करीब 22 घंटे बाद भी काबू नहीं किए जा सके। उधर पुलिस ने आढ़ती सुरेंद्र सिंह की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सुरेंद्र सिंह का कहना है कि वह हर रोज की तरह ही घर जाने के लिए चले थे कि अचानक ही दो युवकों ने उन पर गोलियां चला दी।
उन्होंने बताया कि दो गोलियां सीधे उन पर चलाई तो कई वह हड़बड़ी में चला भी नहीं पाए। उन्होंने बताया कि वह नहीं जानते कि आखिर उन पर यह हमला क्यों किया गया। उधर अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान दौलत राम बंसल का कहना है कि व्यापारियों पर इस प्रकार हमले सहन नहीं किए जाएंगे। पुलिस को तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को काबू कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस जांच में जुटी : चौहान
सुभाष मंडी चौकी प्रभारी दिनेश चौहान का कहना है कि पुलिस रात को हुई इस घटना के बाद से ही मामले की जांच व आरोपियों को काबू करने के प्रयासों में जुटी है। हालांकि अभी आरोपियों का सुराग नहीं लगा है, लेकिन सीआईए सहित कई टीमें इसमें लगी है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।