कुरुक्षेत्र। दिवाली उत्सव के दौरान आगजनी की घटनाओं पर तुरंत काबू पाने के लिए दमकल विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग ने सभी दमकल कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। वहीं, शहर और आसपास के क्षेत्रों में सात अलग-अलग स्थानों पर दमकल गाड़ियां तैनात की गई हैं, ताकि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
त्योहारी सीजन में पटाखों और अन्य कारणों से आगजनी की आशंका को देखते हुए विभाग पूरी तरह अलर्ट है। कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्टों में निर्धारित की गई है, जिससे चौबीस घंटे सेवाएं उपलब्ध रहें। जिला फायर अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि सभी कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
दमकल गाड़ियों को भी तैयार रखा गया है। विभाग का प्रयास है कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके।