कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर मेन गेट के सामने गणपति टी स्टाल में रखे एक घरेलू गैस सिलिंडर में आग लग गई। सिलिंडर में आग लगने के कारण सड़क पर अफरातफरी मच गई। पहले तो कुछ लोगों ने सिलिंडर की आग को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन सिलिंडर में लगी आग बेकाबू होने लगी। जिस पर लोगों ने तुरंत दमकल कर्मियों को सूचित किया। सूचना मिलने पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद गैस सिलिंडर की आग को बुझाया। तब कहीं जाकर दुकानदारों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि किसी प्रकार की बड़ी हानि नहीं हुई। मौके पर केयूके थाना पुलिस ने सिलिंडर को कब्जे में लेकर टी स्टॉल संचालक के खिलाफ दुकान में घरेलू सिलिंडर इस्तेमाल करने के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं गणपति टी संचालक सोमदत्त का कहना है कि वह सिलिंडर को दुकान में इस्तेमाल करने के लिए नहीं बल्कि बदलवाने के लिए लेकर आया था, जिसे लीक होने के चलते दुकान के बाहर साइड में रख दिया। तभी साइड में किसी व्यक्ति ने बीड़ी सुलगाकर उस तरफ गिरा दी, जिससे सिलिंडर में आग लग गई।
टी स्टॉल के संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज
डीएफएससी नरेंद्र सहरावत ने बताया कि दुकान में घरेलू गैस सिलिंडर इस्तेमाल करने पर टी स्टॉल संचालक के खिलाफ विभाग की ओर से केयूके थाने में मामला दर्ज कराया गया है। वहीं इस प्रकार आगे कोई ऐसी घटना न हो विभाग ने कार्रवाई करते हुए अन्य टी स्टॉल व ढाबों से घरेलू गैस सिलिंडर जब्त कर लिए हैं।