कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के देवीलाल हॉस्टल में छात्र के कमरे में आग लगने की घटना दो छात्रों की शरारत के कारण हुई थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फाइन आर्ट विभाग के द्वितीय वर्ष के दो सीनियर छात्रों ने कमरे में अनार बम रखा था। इससे निकली चिंगारी के कारण कमरे में आग लग गई और छात्र का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों छात्रों की पहचान कर ली है। दोनों को हॉस्टल से बाहर निकालने के साथ ही हॉस्टल में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। चीफ वार्डन डॉ. जसबीर सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई के लिए प्रोक्टर के पास भेजा जाएगा।
खाना खाने गया था अर्जुन, बाहर से लगा दी थी कुंडी
जींद निवासी छात्र अर्जुन घटना के समय खाना खाने गया हुआ था। वह एक दिन पहले ही घर से लौटा था और अपने साथ सामान भी लाया था। आरोप है कि दोनों छात्रों ने शरारत करते हुए कमरे में अनार बम रखा और बाहर से कुंडी लगा दी। इससे लगी आग में अर्जुन के कपड़े, दस्तावेज, किताबें और प्रोजेक्ट फाइल सहित पूरा सामान जल गया। अब विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की गहन जांच कर रहा है। दोनों छात्रों पर आगे भी कार्रवाई हो सकती है। उधर, चीफ वार्ड डॉ. जसबीर सिंह ने भी माना कि छात्र का सारा सामान जल गया है। अब प्रशासन पूरे मामले को लेकर बेहद गंभीर है।