अंबाला। डिफेंस कॉलोनी के एक कार्यालय में घुसकर हथियारों के साथ हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में महेश नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अनुज यादव सहित 15-20 अन्य युवकों के खिलाफ दंगा करने और जानलेवा धमकी देने की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता रणजीत कुमार ने पुलिस को बताया कि विवाद की शुरुआत एक रिसॉर्ट में शादी समारोह के दौरान हुई थी, जहां अनुज यादव और उसके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज की।
शिकायतकर्ता ने बताया कि विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पीछा कर फोन पर गोली मारने की धमकी दी, हद तो तब हो गई जब सात फरवरी को करीब 20 युवक नशे की हालत में हथियारों के साथ रणजीत के बांध रोड स्थित कार्यालय में घुस आए और उन्हें बाहर खींचने की कोशिश की। यह पूरी वारदात कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। हमलावर पंजाब और हरियाणा नंबर की चार बाइकों पर सवार होकर आए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद