कुरुक्षेत्र। सीईटी के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए थे। इस परीक्षा के आयोजन के लिए जिले भर में 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए रोडवेज की ओर से 348 बसें लगाई गई थी, जो कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने का काम कर रही थी, मगर परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से किए गए दावे फेल होते दिखाई दिए। परीक्षा के लिए पहुंचे अभ्यर्थी परीक्षा के बाद बसों में भीड़ ज्यादा होने के चलते जान जोखिम में डालकर बसों की खिड़कियों पर लटकते हुए सफर करते दिखाई दिए।
लोकल रूटों पर बसों के फेरे कम होने के चलते बसों की कमी रही, जिसके चलते लोगों को भी भारी दिक्कतों से जूझने पर मजबूर होना पड़ा। पूरे शहर में जाम की स्थिति बनी रही, जिसके कारण कई घंटों तक राहगीर जाम में फंसे रहे, जाम को खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों व होमगार्ड के जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सीईटी को लेकर पिपली चौक, बिरला मंदिर चौक, बस अड्डा चौक, बीआरआंबेडकर चौक और मोहन नगर चौक पर जाम की स्थिति बनी रही।
बसों में रही भारी भीड़ : मनप्रीत
अभ्यर्थी मनप्रीत ने बताया कि वे जगाधरी से परीक्षा देने के लिए आए थे। बस में आते समय भारी भीड़ रही, जबकि अब जाते समय बसों में भारी भीड़ होने के चलते सीट नहीं मिल पा रही थी, जिसके कारण खड़े होकर ही बस में आना पड़ा और अब जाते समय भी कोई बस खाली नहीं मिल रही। अब तो किसी दूसरे साधन से ही घर जाना होगा।
घर वापस जाने में होगी दिक्कत : अमित
अभ्यर्थी अमित कुमार का कहना है कि वे यमुनानगर से धर्मनगरी में परीक्षा देने के लिए आए थे, मगर परीक्षा देने के बाद बस का इंतजार करते रहे। कई बसें आई मगर भीड़ ज्यादा होने के चलते नहीं चढ़ पाए। सभी बसों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। अब घर जाने के लिए भारी दिक्कतों से होकर गुजरना होगा।
लोगों को भी झेलनी पड़ी परेशानी
परीक्षा के चलते आम रूटों पर बसों के कम फेरे होने के चलते आम लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई रूटों पर बसों की संख्या कम होने कारण लोग घंटों इंतजार करते रहे।
कुरुक्षेत्र। सामान्य पात्रत्रा परीक्षा के चलते बस में लटककर सफर करते अभ्यर्थी।