गांव चनालहेड़ी में दो गुट के बीच हुए झगड़े में पुलिस ने दोनों गुट के 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में स्थित गोगाजी दरबार में मत्था टेककर अपने घर आ रहा था। रास्ते में अपने बच्चे के लिए सामान खरीदने के लिए वह सोहन लाल की दुकान से रुका तो उसी समय विक्रम, ऋषिपाल, राहुल, महिंद्र, गौरव, रघुबीर ने उसके ऊपर गंडासी, तलवार और लाठियां से हमला कर दिया तथा उसकी बाइक भी तोड़ दी। जाते समय उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने विकास की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, महिंद्र सिंह ने थाना में दी शिकायत में बताया कि 23 अगस्त की शाम को वह अपने घर के पास सोहन लाल की दुकान पर था। उसी समय 4-5 बाइक सवार कई युवक मौके आए और गाली गलौज करने लगे। जब उसने विरोध किया तो उसे जातिसूचक शब्द कहते हुए उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने महिंद्र सिंह की शिकायत पर विकास, साहिल, बृजलाल, अभि राणा, राजदीप, आदित्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।