दो अलग-अलग मामले में पुलिस ने तीन लोगों को दो किलो 870 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी अशोक वासी गांधी नगर व घसीटू वासी इंदिरा कॉलोनी थानेसर के कब्जे से दो किलो 700 ग्राम गांजा बरामद करके दोनों को जेल भेज दिया। वहीं 170 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार शशि वासी इंदिरा कॉलोनी को जमानत पर रिहा कर दिया। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 23 अगस्त को सीआईए-2 की टीम झांसा रोड पर भद्रकाली मंदिर के पास गश्त कर रही थी। तभी पुलिस को सूचना को सूचना मिली कि अशोक व घसीटू गांजा बेचने का धंधा करते हैं। आज भी दोनों स्कूटी पर गांधी नगर से बिशनगढ़ रोड होते हुए झांसा जा रहे है। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी करके वाहनों की जांच करनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक स्कूटी पर दो लोग आते दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने उनको रोककर पूछताछ की तथा तलाशी ली। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के विरुद्ध थाना कृष्णा गेट में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। वहीं अन्य मामले में थाना झांसा में जून 2021 में दर्ज एक नशीली वस्तु अधिनियम के मुकदमा की तफ्तीश में नशीला पदार्थ सप्लाई करने के आरोपी शशि वासी इंदिरा कॉलोनी की तलाश में शोरगिर बस्ती थानेसर में मौजूद थी। पुलिस ने आरोपी शशि को काबू करके उसके तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 170 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना कृष्णा गेट में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा अदालत ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया।