कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीएमसी) की एक महिला कर्मचारी ने एचएसजीएमसी के प्रधान के निजी सहायक (पीए) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला ने दावा किया है कि पीए लंबे समय से उन पर अनुचित संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था और विरोध करने पर नौकरी से निकालने और तबादला करने की धमकी देता था। महिला कर्मचारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उनकी एक वीडियो को कथित तौर पर एडिट किया और उसे वायरल करने की धमकी दी।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने थाना कृष्णा गेट में पीए के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने थाने में सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उपप्रधान ने आरोपी को पद से तत्काल हटाने की सिफारिश की है। प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने उसे पीए पद से हटा दिया है।