कुरुक्षेत्र। धान की सरकारी खरीद न होने के चलते किसानों ने बीआर चौक पर चार घंटे तक जाम लगाकर रोष जताया। किसानों ने धान से भरी ट्रालियां सड़क पर लगा दी, जिससे जाम की समस्या पैदा हो गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि सुबह के समय भी शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने थानेसर अनाज मंडी में मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला लगा दिया।
किसान नेता संजू नबंदार ने बताया कि पहले सरकार द्वारा 23 सितंबर और इसके बाद फिर 27 सितंबर को सरकारी धान खरीदने के आदेश दिए गए थे, लेकिन प्रशासन ने अभी तक कुछ ही प्रतिशत धान की सरकारी खरीद की है, इसके कारण किसानों में रोष है और किसानों ने चार घंटे के करीब बीआर चौक पर जाम लगाकर रोष जताया। संजीव आलमपुर ने बताया कि सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। किसान पिछले काफी समय से धान लेकर मंडी में पहुंच रहे है, लेकिन सरकार द्वारा खरीद की तरफ कोई ध्यान नही दिया जा रहा है, जिसके चलते गुस्साए किसानों को जाम लगाना पड़ा।
मौके पर पहुंचे कृष्णा गेट चौकी प्रभारी कर्मबीर और सुभाष मंडी चौकी प्रभारी मलकीत सिंह के आश्वासन पर किसानों ने जाम खोला, जिससे राहगीरों को राहत मिली। इस मौके पर किसान नेता दिलबाग सिंह , जयभगवान, राजेश भूरा, नरेंद्र सिंह , सुरज कपूर, विपिन आलमपुर सहित अन्य मौजूद रहे।
अंबाला रोड को भी किसानों ने किया जाम
पिहोवा। धान की फसल की खरीद न होने के कारण किसानों ने अंबाला रोड पर लगभग दो घंटे तक जाम लगाया और जमकर नारेबाजी की । जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम को खुलवाया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी लाइन लग गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
किसानों ने बताया कि वे कई दिनों से अपनी फसलों को बेचने के लिए मंडी में आ रहे हैं, परंतु सरकार द्वारा उनकी फसलों को खरीदा नहीं जा रहा। पहले सरकार ने 23 सितंबर फिर 27 सितंबर को धान की खरीद शुरू करने के आदेश दिए थे। आज एक अक्तूबर को खरीद की घोषणा की थी, लेकिन खरीद शुरू नहीं हो सकी। इस मामले को लेकर मार्केट कमेटी के अधिकारी से भी मिले, परंतु कोई भी समाधान नहीं निकल पाया, जिसके चलते जाम लगाया गया।
कुरुक्षेत्र। बीआर चौक पर जाम लगाते किसान। संवाद