धान की सरकारी खरीद 11 अक्तूबर से शुरू करने के निर्णय से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। रोष स्वरूप किसान बड़ी संख्या में एसडीएम कार्यालय पहुंचे तथा कार्यालय का घेराव किया। इस प्रदर्शन में मंडी आढ़ती भी शामिल हुए। सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए किसानों ने धान की खरीद आज से ही शुरू करने की मांग की। किसानों का नेतृत्व भाकियू प्रेस प्रवक्ता राकेश बैंस व जसबीर सिंह मामू माजरा कर रहे थे। किसानों ने प्रशासन को दो घंटे का समय दिया और कहा कि दिए गए अल्टीमेटम में कोई भी अधिकारी किसानों से आकर बातचीत कर सकता है और धान खरीद को लेकर सरकार से बात कर सकता है। नहीं तो किसान एसडीएम कार्यालय के बाहर स्थाई धरना शुरू कर देंगे। इस पर करीब दो घंटे के बाद चंडीगढ़ बैठक में गए एसडीएम कपिल शर्मा शाहाबाद में किसानों के बीच में पहुंचे और आश्वासन दिया कि वह मांग को अधिकारियों तक पहुंचा देंगे। वहीं राकेश बैंस व जसबीर सिंह मामू माजरा ने किसानों की ओर से चेतावनी दी कि अगर शाम तक फसल की खरीद न शुरू हुई तो किसान राज्यमंत्री संदीप सिंह, सीएम सचिव कृष्ण बेदी व विधायक रामकरण काला के घर का घेराव करेंगे जिसकी जिम्मेवारी सरकार व प्रशासन की होगी। जसबीर सिंह मामू माजरा व राकेश बैंस ने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक अक्तूबर से धान की खरीद करने का ऐलान किया था, लेकिन अचानक ही सरकार ने 30 सितंबर रात को ही धान खरीद की तिथि बदलकर 11 सितंबर कर दी। सरकार अपनी घोषणा के मुताबिक खरीद शुरू करें ताकि किसानों की फसल बर्बाद न हो। इस मौके पर स्वर्णजीत सिंह, बिट्टू कालड़ा, कुलवंत चावला, पवन बैंस, पंकज हबाना, डॉ. जसबीर, बलविंद्र, हरकेश कुमार, बाला राम, अर्जुन भिंडर, मुख्तार सिंह, सुखचैन, सतपाल , देशराज, बलकार व विक्रम मौजूद रहे।