पिहोवा। धरने पर बैठी किसान। स्वयं
पिहोवा। किसान विश्राम गृह (रेस्ट हाउस) में बैठक न करने देने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को रेस्ट हाउस के बाहर धरना देकर जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान माहौल गर्मा गया और किसानों ने मार्किट कमेटी सचिव के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई।
भाकियू (चढूनी) ब्लॉक उपाध्यक्ष करतार सिंह ने बताया कि सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए रेस्ट हाउस बनाए हैं, ताकि वे आराम करने के साथ-साथ अपनी समस्याओं पर आपसी चर्चा भी कर सकें लेकिन हर बार सचिव से अनुमति लेने की बाध्यता उन्हें असुविधाजनक लगती है। उन्होंने बताया कि पहले भी यह मुद्दा एसडीएम के सामने उठाया जा चुका है जिन्होंने आश्वासन दिया था कि आगे से ऐसी परेशानी नहीं होगी। इसके बावजूद आज भी उन्हें रेस्ट हाउस में प्रवेश के लिए रोका गया जिससे क्षुब्ध होकर उन्होंने धरना शुरू किया।
धरने की सूचना मिलते ही मार्किट कमेटी सचिव बलवान सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। सचिव ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि रेस्ट हाउस में किसानों को किसी प्रकार की समस्या न आए और उनकी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन तक समय रहते पहुंच सके।
किसानों ने अपनी बात रखी और सचिव ने भविष्य में किसी भी प्रकार की दिक्कत न आने का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने पर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
पिहोवा। धरने पर बैठी किसान। स्वयं