कुरुक्षेत्र। अमीन रोड पर बारिश न होने के चलते सूख रही धान की फसल। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिले में रविवार को मौसम में बदलाव के चलते भले ही चार डिग्री तक पारा कम हुआ और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन उमस भरी गर्मी से हर कोई बेहाल रहा। वहीं मानसून की बेरुखी के कारण किसानों को धान की फसल के सूखने की चिंता सताने लगी है।
किरमिच के रहने वाले किसान समय सिंह, सूबे सिंह के मुताबिक 10 जुलाई रात को मानसून सीजन की पहली बारिश हुई थी। इस बारिश से खेत पानी से लबालब हो गए थे लेकिन उसके बाद आज तक बारिश नहीं होने से उनका इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ऊंचाई के क्षेत्रों में बारिश न होने के कारण पानी की कमी से धान के खेत सूखने लगे हैं और फसल पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है। वहीं मौसम विभाग की ओर से सोमवार को भी मौसम में बदलाव व बादल छाए रहने व मंगलवार से बारिश फिर शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
किसानों का कहना है कि बारिश लगातार होगी तो धान की फसल में फुटाव बन पाएगा और फसल अच्छी होगी। कृषि विशेषज्ञ डॉ कर्मचंद का कहना है कि अभी मानसून का असर जारी रहेगा और मौसम में बदलाव भी होता रहेगा। इस सप्ताह बारिश होने के आसार है।