शाहाबाद। गांव सुढ़पुर में शुक्रवार को सर्पदंश की घटना में 65 वर्षीय किसान सुभाष चंद की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुभाष चंद खेतों में काम कर रहे थे, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।
पीजीआई में इलाज के दौरान सुभाष चंद की मौत हो गई। उनकी मौत से गांव में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही शाहाबाद के स्नेक रेस्क्यूअर विक्की मदान मौके पर पहुंचे और सांप की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने आसपास के खेतों में जांच की और ग्रामीणों को सर्पदंश से बचाव के जरूरी उपाय भी बताए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों में सांपों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जागरूकता अभियान चलाया जाए और आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। संवाद