फैमिली वीजा पर कनाडा भेजने के नाम पर एक किसान के साथ 57 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि किसान से एक कार और 38 तोले सोना भी ले लिया गया। आरोपी ने किसान के रुपये भी नहीं लौटाए और वीजा भी नहीं लगवाया।
शिकायत में प्रगट सिंह निवासी जेपी कॉलोनी पिहोवा ने बताया कि उसके एक रिश्तेदार ने उसकी मुलाकात सुशील कुमार ललित निवासी सेक्टर-13 करनाल के साथ कराई थी। आरोपी ने उसके समेत उसकी पत्नी व दोनों बेटियों को कनाडा भेजने का आश्वासन दिया था। इस एवज में आरोपी ने उससे प्रति व्यक्ति 35 लाख रुपये मांगे थे। उनकी 1.30 करोड़ रुपये में बात पक्की हो गई थी। भरोसा करके उसने एक साल के दौरान अपने और परिवार के बैंक खाते से आरटीजीएस और नकद करीब 57 लाख रुपये आरोपी को दिए। उसके बाद भी आरोपी उससे रुपयों की मांग करता रहा और जल्दी वीजा लगवाने का आश्वासन देता रहा। इस दौरान आरोपी उसकी बेटी के नाम रिट्ज कार ले गया। साथ ही 38 तोला सोना भी हड़प लिया। शिकायत पर पुलिस ने थाना शहर पिहोवा में आरोपी सुशील कुमार, उसकी पत्नी अंजलि, रंजीत कौर और डेनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पासपोर्ट भी नहीं किए वापस
प्रगट सिंह ने बताया कि उसने आरोपी से अपना और परिवार का पासपोर्ट मांगा तो आरोपी ने उसकी दोनों बेटी का पासपोर्ट लौटा दिया, मगर आरोपी ने उसका और उसकी पत्नी का पासपोर्ट वापस नहीं किया है। एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद आरोपी ने वीजा नहीं लगवाया और न ही उनके रुपये वापस किए। रुपये मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता ने तथ्य भी दिए हैं। पुलिस उनकी भी जांच कर रही है। जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।