कुरुक्षेत्र। जिले में स्वाइन फ्लू के तीन नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों के परिवारजनों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। नए मामलों में थानेसर के दो और धुराला का एक मरीज शामिल है। तीनों बुखार की जांच करवाने के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचे थे। नए मामलों के सामने आने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या आठ हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीनों नए मरीजों के परिवारजनों से संपर्क कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही मरीजों के संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी ली जा रही है, ताकि जरूरत के अनुसार उनकी जांच करवाई जा सके। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
जांच किट की कमी, बाहर भेजे जा रहे सैंपल : स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में स्वाइन फ्लू की जांच किट उपलब्ध नहीं है। इसके चलते मरीजों के सैंपल जांच के लिए जिले से बाहर भेजे जा रहे हैं। विभाग की ओर से मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। डॉ. प्रदीप ने बताया कि उनके पास तीन नए मामले आए हैं।
कुल केस अभी 8 हो गए है। उन्होंने कहा कि मामले बढ़ने के बीच विभाग की ओर से मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी ली जा रही है। वहीं पीएमओ डॉ. मेजपाल के अनुसार सोमवार को डॉक्टरों और स्टाफ की बैठक होगी। इसमें स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर स्थिति की समीक्षा की जाएगी।