कुरुक्षेत्र। हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने 1990 से मार्च 2024 तक 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। अब वे अधिकतम दो विषयों में फिर से परीक्षा देकर अपने अंक सुधार सकेंगे। बोर्ड के इस निर्णय से उन युवाओं के लिए नई उम्मीद जगी है जो किसी कारणवश अपने सपनों के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और उच्च शिक्षा या कॅरिअर में बेहतर अवसर चाहते हैं।
पूर्व छात्र समीर ने बताया कि जब मुझे पता चला कि बोर्ड दोबारा परीक्षा की सुविधा दे रहा है, तो सच में राहत मिली। कॉलेज में एडमिशन और आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे अंक बहुत मायने रखते हैं।
पूर्व छात्रा मनदीप ने बताया कि बोर्ड का यह फैसला हमारे जैसे छात्रों के लिए उम्मीद की नई किरण है। कई बार परिस्थितियां ऐसी हो जाती हैं कि हम अपनी वास्तविक क्षमता दिखा नहीं पाते। मैं आगे इंजीनियरिंग करना चाहती हूं और मुझे दो विषयों में बेहतर अंक की जरूरत थी।