इस्माईलाबाद। हैफेड एजेंसी ने शनिवार को अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान विनोद कंसल की मौजूदगी में सूरजमुखी की खरीद शुरू कर दी। जिससे किसानों और आढ़तियों के चेहरे खिल उठे। इससे पिछले कुछ दिनों से मंडी में परेशानी झेल रहे किसानों को भी राहत मिली है।
हैफेड के इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि आढ़ती के माध्यम से सूरजमुखी की खरीद शुरू कर दी गई है। अब खरीद का कार्य तेजी से किया जाएगा, ताकि समय रहते किसानों की फसल को खरीदा जा सके और किसान अगली फसल की तैयारी कर सके। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में 1500 क्विंटल सूरजमुखी की फसल खरीदी गई हैं। जबकि अब तक खरीद एजेंसियों की ओर से तीनों मंडियों से करीब 11 हजार क्विंटल सूरजमुखी खरीदी जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी मानदंडों के अनुसार पाए जाने वाले सूरजमुखी की फसल का एक-एक दाना सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। इस मौके पर पुनीत बंसल, राजीव कौशल, सतपाल, विजय गोयल, संजीव, नवीन, टेकचंद, चंद्रमोहन, शेख चंद आदि मौजूद रहे।