संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जस्सा सिंह रामगढिय़ा सिख कौम के महान शख्सियत थे। उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए तत्कालीन मुगल शासकों के दांत खट्टे कर दिए थे। ये विचार हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की कनिष्ठ उपप्रधान बीबी रविंदर कौर अजराना ने व्यक्त किए। वे रामगढि़या सभा कुरुक्षेत्र की प्रबंधन समिति को डेढ़ लाख रुपये का चेक देने पहुंची थी। इससे पहले सभा के पदाधिकारियों ने बीबी रविंदर कौर अजराना व हरियाणा कमेटी के प्रवक्ता कंवलजीत सिंह अजराना का स्वागत किया।
बीबी अजराना ने कहा कि रामगढि़या सभा की ओर से चलाई जा रही गतिविधियां सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मुगल शासक से लड़ाई लड़कर जीत हासिल करने के बाद दिल्ली के लाल किला पर निशान साहिब लगाने वाले जस्सा सिंह रामगढि़या सिख कौम की महान शख्सियत है। उन्होंने सन 1783 में सिख नेता बघेल सिंह और अपनी सेना के साथ मिल कर इस जंग को फतेह किया था।
हरियाणा कमेटी के प्रवक्ता कवलजीत सिंह अजराना ने कहा कि वे सिख रामगढि़या मिसल के संस्थापक भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुगलों के खिलाफ सिखों द्वारा किए गए संघर्ष में जस्सा सिंह रामगढिय़ा की अहम भूमिका रही है। उनकी बहादुरी के कारण ही उन्हें सिख कौम का महान वीर कहा जाता है। इस मौके पर सभा के चेयरमैन पूर्ण सिंह, प्रधान भूपिंदर सिंह, उपप्रधान गुरविंदर सिंह, कोषाध्यक्ष प्रितपाल सिंह, सचिव इंद्र सिंह, मैंबर साहब सिंह, बलदेव सिंह, सलाहकार हरचरण सिंह चन्नी, इंदरजीत सिंह, अत्तर सिंह, पूर्व प्रधान जगिंदर सिंह व नरेंद्र सिंह गिल सहित अन्य मौजूद रहे।