संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला पुलिस व आरटीए विभाग की ओर से संयुक्त रूप से यातायात नियमों के बारे में आमजन को जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में रविवार को आरटीए विभाग व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड व टैक्सी स्टैंड पर चालकों व राहगीरों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी। आरटीए विभाग के सुनील कुमार व यातायात को-आर्डिनेटर वीरेंद्र विक्रम ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
यातायात को-आर्डिनेटर ने कहा कि हमें यातायात नियमों का पालन चालान के डर से नहीं बल्कि जागरूकता के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चालकों पर बहुत बड़ी जिम्मेवारी होती है जिनका निर्वहन सभी चालकों को करना चाहिए।
युवा वर्ग यातायात नियमों को अपने व्यवहार में अपनाएं। आरटीए विभाग व पुलिस विभाग की टीमों की ओर से चालकों को यातायात नियमों से संबंधित शपथ दिलवाई गई।
आरटीए विभाग के सुनील कुमार ने चालकों से अपील करते हुए कहा कि कोहरे में सावधानी से वाहन चलाएं तथा अपने वाहन पर फाग लाइट, रिफ्लेक्टर टेप आदि लगाकर रखें।
कोहरे में सड़क पर चलते समय आगे वाली गाड़ी से दूरी बनाकर रखें। इस मौके पर यातायात निरीक्षक संदीप, बलजीत सिंह, उप निरीक्षक मुनीश सहित बड़ी संख्या में राहगीर मौजूद रहे।