संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। महिलाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने नई पहल शुरू की है। विश्वविद्यालय में 52 महिलाओं के लिए पांच दिवसीय केयूके सशक्त नारी स्टार्टअप वर्कशॉप शुरू की गई है। 10 से 14 अगस्त तक चलने वाली इस वर्कशॉप में महिलाओं को स्वरोजगार से लेकर उसे आगे बढ़ाने तक की जानकारी दी जाएगी।
वर्कशॉप में महिलाओं को स्टार्टअप के लिए जरूरी व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराया जा रहा है। इसमें डिजाइन थिंकिंग, मार्केट रिसर्च, बिजनेस मॉडल कैनवास, कंपनी पंजीकरण, बौद्धिक संपदा, वित्तीय प्रबंधन, फंडिंग और पिचिंग जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे प्रतिभागियों को अपने विचार को व्यावहारिक उद्यम में बदलने की दिशा में मदद मिलेगी।
यूआईईटी के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने कहा कि कई बार अच्छे विचारों के बावजूद मार्गदर्शन, बाजार की समझ और व्यावहारिक जानकारी की कमी के कारण स्टार्टअप आगे नहीं बढ़ पाते। इसी जरूरत को देखते हुए विश्वविद्यालय में स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन से जुड़ी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
आईएमसीएमटी की निदेशक प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि महिलाओं की दृढ़ता और आत्मविश्वास उद्यमिता की बड़ी ताकत है। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपने विचारों को उद्यमिता में बदलने के लिए जरूरी दिशा प्रदान करते हैं। रिमस टेक्नोलॉजिज की संस्थापक मधु बाजपेई ने भी अपने उद्यमिता अनुभव प्रतिभागियों के साथ साझा किए। वर्कशॉप में विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के बीच संवाद व नेटवर्किंग भी हुई।