कुरुक्षेत्र। किसान आंदोलन के कारण प्रदेश के कई जिलों में पिछले नौ दिन से इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है, जिससे न छोटे दुकानदार से लेकर बड़े कारोबारी तक को बड़ा आर्थिक नुकसान हो रहा है। वहीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के समक्ष भी संकट खड़ा हो गया है। वे परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।
सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो चुकी है तो वहीं एचबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 27 फरवरी से होने वाली है। पिछले कई दिनों से राज्य के कई जिलों में इंटरनेट सेवा बंद होने से विद्यार्थी ऑनलाइन किसी भी सामग्री को नहीं पढ़ पा रहे हैं।
विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने में कई समस्या आ रही है, न ही शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संपर्क बन पा रहा है और न ही विद्यार्थियों के डाउट स्पष्ट हो पा रहे हैं, क्योंकि विद्यार्थियों को गणित और साइंस जैसे प्रैक्टिकल विषय में मुश्किल सवालों को हल करने में कोई मदद नहीं मिल पा रही है। स्कूलों में भी ऑनलाइन डाटा का काम भी प्रभावित हो रहा है तो वहीं परीक्षाओं को लेकर अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है।
इंटरनेट बंद होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थी ऑनलाइन कोचिंग नहीं ले पा रहे हैं। कोचिंग सेंटरों की र से ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाया जाता है, जिसमें विद्यार्थी मोबाइल या लैपटॉप के जरिये जुड़ते हैं। इंटरनेट सेवाएं बंद होने के चलते यह कक्षाएं भी ठप हैं और विद्यार्थियों के मन में भी तैयारी को लेकर उदासी छाई हुई है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने भी 20 फरवरी से होने वाली परीक्षाओं को ही स्थगित कर दिया है। संस्थान ने ऑनलाइन डाटा अपलोड होने में परेशानी आ रही थी तो वहीं विद्यार्थियों को भी प्रवेश पत्र और मेल के जरिए सूचना न पहुंचने को लेकर इंटरनेट बहाल होने तक परीक्षाएं स्थगित कर दिया है, जिससे विद्यार्थियों सहित संस्थान को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। संवाद
इंटरनेट बंद होने से पढ़ाई हो रही बाधित
अग्रसेन पब्लिक स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र पुण्य का कहना है कि इंटरनेट बंद होने से किसी भी तरह का डाउट स्पष्ट नहीं हो पा रहा है और गणित तथा साइंस के मुश्किल सवालों को हल करने में भी कोई सहायता नहीं मिल पा रही है। पहले किसी विषय को समझने में समस्या आती थी तो संबंघित विषय के वीडियो या ऑनलाइन कक्षा के माध्यम से समस्या सुलझा लेते थे।
वाई-फाई कनेक्शन भी बंद
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा दिया के मुताबिक इंटरनेट सेवा बंद होने के कारण परीक्षा की तैयारी करने में परेशानी हो रही है, क्योंकि कई विषय ऐसे होते हैं जोकि ऑनलाइन माध्यम से पढ़कर दूर करते थे। वाई फाई कनेक्शन भी काम करना बंद हो गया है, जिस कारण एनसीआरटी किताबों के माध्यम से तैयारी करनी पड़ रही हैं।
परीक्षाओं पर नही कोई असर
प्राचार्य अनिल कुलश्रेष्ठ का कहना है कि इंटरनेट सेवाएं बंद होने का परीक्षाओं का किसी भी तरह का कोई भी प्रभाव नहीं पड़ रहा है। विद्यार्थियाें को पूरा साल पढ़ाया गया है और पाठ्य सामग्री उपलब्ध करवाई गई है, जिसे विद्यार्थी दोहराकर परीक्षाएं दे रहे हैं। विद्यार्थियों के डाउट को शिक्षकों द्वारा पहले ही सुलझाया गया है ताकि विद्यार्थी परीक्षाओं के लिए पूरी तरह तैयार रहे।