कुरुक्षेत्र। गांव खेड़ी रामनगर में निशुल्क मेडिकल कैंप में शामिल हुए चिकित्सकों के साथ जिप उप
कुरुक्षेत्र। स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से खेड़ी रामनगर के कम्युनिटी सेंटर में नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रख्यात ब्रेन व स्पाइन न्यूरो सर्जन डॉ. हिमांशु जैन ने मांसपेशियों में खिंचाव (मसल स्ट्रेन) के बारे में लोगों को जागरूक किया। डॉ. जैन ने सलाह दी कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त जल सेवन और सही बॉडी पोस्टर अपनाकर इस समस्या से बचा जा सकता है। कैंप का आयोजन डॉ. संजय शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इसमें कुल 127 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों को परामर्श, ब्लड शुगर, पल्स रेट, हीमोग्लोबिन जांच के साथ नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि जब स्वास्थ्य सेवाएं समर्पण के साथ जुड़ती हैं, तो वे केवल इलाज तक सीमित नहीं रहतीं बल्कि समाज में विश्वास और सुरक्षा का आधार बनती हैं। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष धर्मपाल चौधरी, सरपंच सुनीता देवी और समाजसेवी सुशील कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने डॉक्टरों की टीम का स्वागत किया।