पिहोवा। कार्यक्रम में हिस्सा लेती रेणू भाटिया। विज्ञप्ति
पिहोवा। अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के तीसरे दिन पिहोवा स्थित सरस्वती तट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। आज सरस्वती के पावन तट पर आए सभी लोग यह संकल्प लेकर जाएं कि वे कम से कम दो बेटियों को सफल बनाने में योगदान देंगे। वह दिन दूर नहीं जब इन्हीं बेटियों में से कोई महिला आयोग की अध्यक्षा बनेगी।
इससे पूर्व उन्होंने हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां आज शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने बच्चों से इंटरनेट का सदुपयोग करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने बेटियों को संकल्प दिलवाया कि मैं कुरुक्षेत्र की बेटी हूं और मुझे आगे बढ़ना है।
महोत्सव के तीसरे दिन विभिन्न स्कूलों व संस्थानों के विद्यार्थियों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अक्षरा इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने मां सरस्वती वंदना, सीडी पब्लिक स्कूल ने भांगड़ा, एजीएस स्कूल ने शिव तांडव, एसडीएसएन स्कूल ने भक्ति नृत्य और टैगोर स्कूल ने हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं पद्मश्री से सम्मानित लोक कलाकार महावीर गुड्डू ने अपने प्रसिद्ध हरियाणवी गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को मां सरस्वती की प्रतिमा व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महोत्सव में कला, संस्कृति, व्यंजन, संगीत, सेल्फी प्वाइंट और हरियाणवी परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर हरियाणा धरोहर सरस्वती विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, एसडीएम अनिल कुमार दून, नगर पालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।