कुरुक्षेत्र/ शाहाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा लोकसभा प्रत्याशी नवीन जिंदल में किसी तरह का कोई फर्क नहीं है। इसलिए पूर्व सांसद नवीन जिंदल के पक्ष में इतना मतदान करें कि प्रदेश में सबसे बड़ी जीत भाजपा के प्रत्याशी की हो। उक्त विचार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बराड़ा रोड स्थित निजी फार्म में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उनके दम और जनता के आशीर्वाद से भाजपा लगातार चुनाव जीतती आ रही है। इस बार भी देश और प्रदेश की जनता ने नरेंद्र मोदी को 400 से अधिक सीटें देकर तीसरी बार देश की कमान सौंपने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि मोदी की गारंटी पक्की और कांग्रेस की घोषणाएं झूठी हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि घमंडिया गठबंधन झूठ बोलकर, लालच देकर सत्ता पर काबिज होने का मन बना रहा है, लेकिन देश और प्रदेश की जनता के सामने इंडी गठबंधन की पोल खुल चुकी है और जनता इन्हें सिरे से नकार चुकी है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता स्वयं को मुख्यमंत्री नायब सैनी समझ कर घर-घर जाएं और भाजपा की नीतियों का प्रचार करते हुए आने वाले 25 मई के लोकसभा चुनाव में भाजपा के समर्थन में मतदान करने की अपील करें। कांग्रेस के समय केवल गरीबी को दूर करने दावा किया जाता था लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार ने असल में गरीबी को दूर करने का काम किया है और पांच-पांच लाख की राशि के आयुष्मान कार्ड बनाकर सौगात दी है। देश की जनता और भाजपा वर्करों के साथ भाजपा इस बार 400 के नारे को पार करेगी, जोकि विकसित भारत के सपने को साकार करने में सबसे मजबूत कदम होगा।
कुरुक्षेत्र लोकसभा से प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद नवीन जिंदल की माता पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने कहा कि वे हर भाजपा कार्यकर्ता में नवीन जिंदल को देख रही हैं, इसलिए हर कार्यकर्ता स्वयं को नवीन जिंदल समझ कर चुनाव का प्रचार करे और कुरुक्षेत्र से पूर्व सांसद नवीन जिंदल की ऐतिहासिक जीत निश्चित करे। राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि सभी मिलकर कुरुक्षेत्र लोकसभा के प्रत्याशी नवीन जिंदल को ऐतिहासिक जीत दिलाएंगे और प्रधानमंत्री के हाथों को मजबूत करने का काम करेंगे। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी पूर्व सांसद नवीन जिंदल को शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र से एक लाख ग्यारह हजार वोट दिलवाने का काम करेंगे।
इस मौके पर लोकसभा प्रभारी सुभाष सुधा, जिलाध्यक्ष रवि बत्तान, पूर्व विधायक पवन सैनी, उमा सुधा, मंडल प्रधान मुलखराज गुंबर, नलवी मंडल प्रधान सर्वजीत सिंह कलसानी, धर्मवीर मिर्जापुर, नप चेयरमैन डाॅ. गुलशन कवातरा, पूर्व विधायक बंता राम, पूर्व नप चेयरमैन बलदेवराज चावला, रविंद्र सांगवान, जिला कोषाध्यक्ष तिलकराज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।