कुरुक्षेत्र। जिले में पिछले दो दिन से मौसम साफ हुआ तो गेहूं कटाई व खरीद तेजी पकड़ चुकी है, लेकिन उठान खरीद शुरू होने के दस दिन बाद भी कछुआ चाल से चल रहा है। शुक्रवार शाम तक 52642 एमटी गेहूं की खरीद की जा चुकी है जबकि उठान महज पांच फीसदी 2848 एमटी किया जा सका है। शुक्रवार को 41900 एमटी खरीद की गई जबकि उठान 2802 एमटी हुआ।
वीरवार व शुक्रवार को मौसम साफ रहने व तेज धूप खिलने के चलते गेहूं कटाई सीजन बढ़ने लगा है। शुक्रवार को भी दिन भर तेज धूप खिली रही तो 24 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चली। 29 डिग्री अधिकतम व न्यूनतम 18 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अगले कईं दिनों तक मौसम साफ रहने व तेज धूप खिलने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में गेहूं कटाई सीजन और तेज होगा, जिससे अनाजमंडियां फुल होंगी। उठान इसी तरह रहा तो अगले दो से तीन दिन में ही मंडियां जाम होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
बता दें कि एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हुई थी। एक सप्ताह तक मौसम में बदलाव के चलते गेहूं कटाई प्रभावित रही तो वहीं मंगलवार व बुधवार को बारिश ने कटाई व खरीद कार्य ठप कर दिया था। अब मौसम खुला तो किसानों को बड़ी राहत मिल पाई है।
बॉक्स
अब मौसम साफ रहने की संभावना : मेहता
कृषि विभाग के एसडीओ डॉ जितेंद्र मेहता का कहना है कि अगले कईं दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है। ऐसे में किसानों को ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है। उधर जिला खाद् एवं पूर्ति नियंत्रक नरेश कुमार का कहना है कि मंडियों में उठान तेज करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।