लाडवा। लापता युवक की माता रेशमा देवी जानकारी देते हुए। संवाद
लाडवा। पश्चिमी यमुना नहर पर नहाने गए युवक जतिन का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजनों ने प्रशासन द्वारा सहयोग न करने तथा गोताखोर उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया। प्रशासन द्वारा सहयोग न करने को लेकर लापता युवक जतिन की माता रेशमा सहित कई महिलाओं ने समाजसेवी राजू खुराना से बातचीत की।
जतिन की माता रेशमा देवी ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं। प्रशासन उनकी कोई मदद नहीं कर रहा है। विदित रहे कि शुक्रवार को लाडवा के विकास नगर का जतिन नहर में बह गया। रेशमा देवी ने बताया कि उसका बेटा जतिन अपने दो दोस्तों के साथ लगभग दोपहर साढ़े 12 बजे पश्चिमी यमुना नहर हिनोरी पर नहाने के लिए गया था। परंतु शाम तक वह वापस नहीं लौटा जबकि उसके दो दोस्त वापस लौट गए। बाद में उन्होंने बताया कि वह नहर में डूब गया। पुलिस व परिजनों ने शाम तक लापता युवक का सर्च अभियान चलाया। करीब एक महीना पहले भी नहर में ऐसे ही एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी। पिछले दो महीने में लगभग चार युवको की डूबने से मौत हो चुकी है। प्रशासन द्वारा भी नहर पर नहाने का प्रतिबंध लगाया हुआ है। बावजूद इसके युवा जान जोखिम में डाल कर नहरों पर नहा रहे हैं।