संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित गांव रत्नगढ़ जाट भवन के पास मंगलवार शाम को दो गैंगस्टर व एसटीएफ करनाल के बीच मुठभेड़ हो गई। आमने-सामने हुई फायरिंग में दोनों गैंगस्टर को टांगों में गोलियां लगी है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल ही शाहाबाद के सामुदायिक केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां देर रात तक उनसे पुलिस पूछताछ नहीं कर पाई थी।
दोनों बदमाशों की पहचान 20 वर्षीय हर्ष पुत्र कुलदीप व 24 वर्षीय कवीश पुत्र रमेश कुमार वासी अमृतसर के रूप में हुई, जो भाऊ गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि दो बदमाश अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। एसटीएफ डीएसपी अमन कुमार के नेतृत्व में टीम ने तत्काल ही मौके पर दोनों को काबू करने का प्रयास किया लेकिन बदमाशों ने सामने से गोली चला दी।
बदमाशों ने करीब 20 राउंड फायर किए। एसटीएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की तो दोनाें बदमाशों की टांगों में तीन-तीन गोलियां लगी, जिसके बाद वे मौके पर ही गिर पड़े। बुलेट प्रूफ जैकेट पहने एसटीएफ के जवान बदमाशों की गोलियों का शिकार होने से बच गए। एसआई प्रवीन कुमार को गोली भी लगी लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से वे बच गए। एसटीएफ टीम ने उन्हें सामुदायिक केंद्र में उपचाराधीन कराया, जहां से कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया।
किसी बड़े उद्योगपति को निशाना बनाने फिराक में थे
एसटीएफ करनाल यूनिट इंचार्ज दीपेंद्र राणा के मुताबिक ने बताया कि दोनों बदमाशों की फिलहाल जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों बदमाश किसी बड़े उद्योगपति को निशाना बनाने की फिराक में थे। इनसे कईं हथियार भी बरामद हुए हैं।