कुरुक्षेत्र में बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ के लगभग 10 घंटे बाद, मंगलवार सुबह एक बार फिर पुलिस और फरार बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान रात को फरार हुए बदमाश को काबू कर लिया गया, जिसके मुठभेड़ के दौरान टांग में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे शाहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घायल बदमाश की पहचान कैथल के संजू के रूप में हुई है। पुलिस उसकी आपराधिक कुंडली खंगाल रही है।
सोमवार रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहाबाद के गांव जधेडी के पास एक कार में संदिग्ध लोग नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, जिस पर कार सवार एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से भी दो राउंड फायर किए गए, लेकिन फायर करने वाला बदमाश फरार हो गया, जबकि पुलिस ने कार चालक गौरव को काबू कर लिया था।
इसके बाद पुलिस रात भर फरार हुए बदमाश की तलाश में जुटी रही। सुबह शाहाबाद के मारकंडा नदी पुल के पास बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, जब पुलिस ने बदमाश को घेर लिया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में शाहाबाद थाना प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू की ओर से भी फायरिंग की गई, जिसमें आरोपी की टांग में गोली लगी। इसके बाद वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे काबू कर लिया। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि अब दोनों बदमाशों की आपराधिक जानकारी जुटाई जा रही है।