संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विधि विभाग में वर्ष 2025-26 में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 मई से जारी है। विधि विभाग की अध्यक्ष प्रो. प्रीति जैन ने बताया कि विधि क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के बहु-विकल्प हैं। विधि (कानून) विभाग न केवल न्यायिक व्यवस्था की रीढ़ है, बल्कि यह युवाओं के लिए अनेक कॅरिअर विकल्प प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि विभाग में एलएलबी प्रोफेशनल तीन वर्षीय में दाखिले के लिए कुल 180 सीटें निर्धारित हैं। इसके साथ ही एलएलएम दो वर्षीय कोर्स में 100 सीटें निर्धारित की गई हैं। वहीं विभाग में विधि क्षेत्र के विशेषज्ञों एवं प्रतिष्ठित विद्वानों के व्याख्यान, विधि संबंधी कार्यशालाएं, सेमीनार, मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती है। विभाग से शिक्षा प्राप्त करने के बाद यहां के विद्यार्थी देश ही नहीं बल्कि विदेशों में प्रतिष्ठित पदों पर है। विधि विभाग एक ऐसा क्षेत्र है जहां ज्ञान, तर्कशक्ति और नैतिकता के आधार पर उत्कृष्ट कॅरिअर बनाया जा सकता है।