संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। हुडा सेक्टर में पैर फिसलने से सीढ़ी पर चढ़े बिजली कर्मी की नीचे गिरने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अमन कुमार निवासी भगवानपुर के रूप में हुई है। अमन चार दिन पहले ही अप्रेंटिस पर ट्रेनिंग करने आया था। परिजनों ने शाहाबाद बिजली निगम के एसडीओ व जेई पर लापरवाही का आरोप पुलिस को शिकायत दी है।
मांगेराम ने बताया कि उसके बेटे अमन की भर्ती चार दिन पहले अपरेंटिस पर शाहाबाद बिजली निगम में हुई थी। चार दिनों में ही अमन को सीढ़ी पर चढ़ा दिया गया, जो सरासर बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही है। अपरेंटिस पर आए कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाती है लेकिन यहां बगैर ट्रेनिंग के ही अमन को सीढ़ी पर चढ़ाया दिया गया। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर एसडीओ व जेई के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
इस हादसे के बाद मौके पर मौजूद बिजली कर्मचारी अमन को लाडवा रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए थे। यहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी साहब सिंह ने कहा कि मांगे राम ने एसडीओ व जेई के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जाम लगाने की फिराक में थे परिजन
निगम के अधिकारियों को अमन की मौत का कारण मानते हुए परिजनों ने जाम लगाने की तैयारी कर ली थी, मगर पुलिस को इसकी भनक लग गई और चौकी प्रभारी साहब सिंह ने मोर्चा संभाल लिया। परिजनों की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शव को एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया। अमन की मौत के बाद उसकी मां विलाप कर रही थी। रो-रो कर उसकी आंखें पथरा गई। वह बार-बार एक ही बात कह रही थी कि मेरे बेटे ने दुनिया में अभी कुछ नहीं देेखा। अमन की मां बार-बार अपने बेटे के जूतों को अपने सीने से लगा कर उसे याद कर रही थी।
पॉलिसी अनुसार दिया जाएगा हक : नसीब सिंह
बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता नसीब सिंह ने कर्मी की मौत पर शोक व्यक्त किया है। कहा कि युवक का हादसा बिजली के कारण नहीं हुआ है। हादसे के समय युवक वृक्ष के साथ लगी लकड़ी की सीढ़ी पर चढ़कर कुछ काम कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह नीचे आ गिरा। निगम की पॉलिसी के अनुसार उसके परिजनों को उसका हक दिया जाएगा।