संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। कलसानी अड्डे के पास ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त मनप्रीत सिंह (28) निवासी गांव रावा के रूप में हुई। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज किया और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
थाना शाहाबाद में दर्ज शिकायत में सन्नी निवासी रावा ने कहा कि वह अपने चचेरे भाई संदीप के साथ अपनी बहन की शादी के कार्ड बाटने के लिए बाइक पर गांव बसंतपुर अपने दोस्त के घर गया था। जाते समय वह लोग बस अड्डा कलसानी से पहले दुकानों पर रुके हुए थे। देखते ही देखते उनके सामने गांव ठोल की तरफ से एक चालक अपने ट्रक को लापरवाही से चलाता हुआ आया और कलसानी चौराहे पर गांव मामूमाजरा की तरफ से बाइक पर आ रहे युवक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही युवक बाइक सहित सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। वह तुरंत उस युवक के पास पहुंचे तो देखा कि जख्मी युवक उसका चचेरा भाई मनप्रीत सिंह है। उन्होंने एंबुलेंस का इंतजाम करके मनप्रीत को सरकारी अस्पताल शाहाबाद पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने मनप्रीत की जांच करके उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी चालक के बारे में पता लगा रही है।