कुरुक्षेत्र। भीषण गर्मी में फर्श पर लेटे मरीज व उनके परिजन। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिला नागरिक अस्पताल में लगातार दूसरे दिन बिजली गुल रही। मंगलवार को यहां 10 घंटे से अधिक समय बिजली बंद रही, वहीं बुधवार को भी देर शाम तक बिजली बाधित रही। इससे कई स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर पड़ा। बिजली की बदहाली के कारण पूरा दिन गर्मी में मरीज परेशान रहे और ओपीडी ले रहे डॉक्टरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एलएनजेपी में बुधवार को भी एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई समेत कई सुविधाएं बाधित रहीं। इसके अलावा अस्पताल में हीट स्ट्रोक यूनिट भी नहीं स्थापित की गई है। भीषण गर्मी के बीच पूरा दिन अस्पताल जनरेटर पर चलने वाले पंखों के सहारे रहा, वो भी समय-समय पर बंद होते रहे।
इस मामले में सीएमओ डॉ. सुखबीर ने बताया कि बिजली विभाग की टीम इसे ठीक करने के लिए आई हुई है। उन्होंने बताया कि एमआरआई की एक नई यूनिट यहां लगी है। इसके कारण ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं और बार-बार बिजली के कट लग रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हमने जनरेटर के रूप में सभी व्यवस्थाएं की हुई हैं लेकिन मरीजों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में पंखे नाकाफी हैं।
अस्पताल में हीट स्ट्रोक यूनिट लगाने के आदेश के बारे में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उनके यहां इसकी कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि यहां पूरा अस्पताल सेंट्रल एसी है, जिन हिस्सों में एसी नहीं हैं, वहां कूलर लगे हुए हैं। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और अस्पतालों को अपने यहां हीट स्ट्रोक यूनिट लगाने के आदेश दिए थे।