संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। ज्योतिनगर, पटेल नगर, सेक्टर-13 मार्केट, सुधा कॉलोनी और न्यू कॉलोनी सहित शहर के कई क्षेत्रों में बिजली निगम की ओर से 17 नए ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। निगम के कर्मचारी नए ट्रांसफर रखने के साथ-साथ बिजली संबंधित खामियों को भी दुरुस्त करने में जुटे हैं। वहीं आकाश नगर, शास्त्री नगर और सेक्टर-17 में नए ट्रांसफार्मर रखे भी जा चुके हैं।
काली कमली सब डिवीजन 2 के जेई नीरज ने बताया कि उनके क्षेत्र में छह ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके हैं और चार अन्य जगहों पर नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। बताया कि जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर की ज्यादा जरूरत थी वहां लगाए जा चुके हैं और गर्मी के सीजन तक बाकी चार ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे। इससे पहले काली कमली सब डिवीजन-दो के अंतर्गत आने वाले कैलाश नगर में दो, राजकीय स्कूल के पास, वीटा बूथ वाली मार्केट, रेडक्रॉस के पास व डीसी कॉलोनी समेत कुल 17 जगहों पर ट्रांसफार्मर रखे जा चुके हैं।
जेई कार्तिक ने बताया कि उनके क्षेत्र में ट्रांसफार्मर रखे जाने का काम जोरों पर है। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभी जगह पोल लगा दिए गए हैं। अब जल्द ही ट्रांसफार्मर रखकर उनकी फिटिंग की जाएगी। बताया कि फिलहाल बारवा फीडर पर काम चल रहा है। नए तार लगाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में गेहूं की फसल काटने के बाद ट्रांसफार्मर रखने का कार्य शुरू किया जाएगा।
सभी ट्रांसफार्मर 31 मार्च तक लग जाएंगे : संदीप पाहुजा
काली कमली सब डिवीजन के एसडीओ संदीप पाहुजा ने बताया कि 31 मार्च तक उनके क्षेत्र में करीब 17 ट्रांसफार्मर रखे जाने है। जेई कार्तिक के क्षेत्र में 12 व जेई नीरज के क्षेत्र में पांच ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं। इनमें एक या दो ट्रांसफार्मर बढ़ भी सकता है। काली कमली सब-डिवीजन के अंतर्गत ज्योति नगर, पटेल नगर, सेक्टर-13 मार्केट, सुधा कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, एचएसवीपीक्वार्टर, कैलाश नगर, गामड़ी व कुटिया वाला अस्पताल के पास नए ट्रांसफार्मर लगाने की योजना बनाई है।