जिला कुरुक्षेत्र की चारों विधानसभा सीटों की मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से पूरा हुआ और थानेसर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुभाष सुधा ने 842 वोटों से जीत हासिल की है। कड़े मुकाबले में शिकस्त के बाद कांग्रेस प्रत्याशी अशोक अरोड़ा मतगणना स्थल पर भाजपा प्रत्याशी सुभाष सुधा को बधाई देकर घर चले गये। वहीं पिहोवा से भाजपा के संदीप सिंह, लाडवा से कांग्रेस के मेवा सिंह और शाहबाद से जजपा के रामकरण काला ने विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की। इसके बाद मतगणना केंद्र में मिठाइयां वितरण करने के साथ समर्थक अपने विजेता प्रत्याशियों को जुलूस की की शक्ल में अपने साथ ढोल बाजे के साथ ले गये। मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी या विवाद का मामला सामने नहीं आया।
बता दें कि कुरुक्षेत्र जिला में मतगणना केंद्रों पर थ्री-टायर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए थे। कुरुक्षेत्र के सेक्टर-13 स्थित अग्रसेन पब्लिक स्कूल में बनाये गये थानेसर और लाडवा के मतगणना केंद्र के अलावा शाहाबाद और पिहोवा में जिन प्रत्याशियों के जीत का अनुमान लगता गया। समर्थकों ने बेंड बाजे और ढोल के साथ जमकर आतिशबाजी और बम पटाखे छोड़े। यहां होली और दिवाली एक साथ मनती नजर आई। समर्थकों ने जमकर ढोल की थाप भंगड़ा किया और मिठाई बांटने के साथ
विजयी प्रत्याशियों को फूल मालाओं से लाद दिया। पिहोवा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी संदीप सिह को 5314, लाडवा से कांग्रेस प्रत्याशी मेवा सिंह को 12637 व शाहाबाद से जजपा प्रत्याशी रामकरण काला को 37127 वोटो से जीत हासिल हुई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. एसएस फुलिया ने कहा कि थानेसर व लाडवा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना का कार्य अग्रसेन पब्लिक स्कूल सेक्टर-13, पिहोवा विधानसभा क्षेत्र की मतगणना का कार्य टैगोर पब्लिक स्कूल और शाहबाद विधानसभा क्षेत्र की मतगणना का कार्य आर्य कन्या महाविद्यालय शाहबाद में किया गया। इन सभी मतगणना केंद्रों पर थ्री-टायर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए थे। सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। थानेसर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अश्विनी मलिक ने बताया कि थानेसर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुभा सुधा को 55 हजार 759, कांग्रेस प्रत्याशी अशोक अरोड़ा को 54 हजार 917, इनेलो प्रत्याशी कलावती को 734, बसपा प्रत्याशी नवीन कुमार को 1519, जयमहाभारत पार्टी प्रत्याशी अमरदीप कौर को 189, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमाक्रेसी के प्रत्याशी कन्हैया को 108, नवनिर्माण पार्टी से एमपी कौशिक को 123, जजपा से योगेश कुमार को 2012, सोसालिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया के प्रत्याशी राजकुमार सारसा को 135, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी की प्रत्याशी राजरानी को 83, आम आदमी पार्टी से सुमित हिमांशु गर्ग को 327, आजाद उम्मीदवार करनैल सिंह को 329, आजाद प्रत्याशी खुशी राम को 330, आजाद प्रत्याशी चंद्रभान को 118, आजाद प्रत्याशी प्रवीण चौधरी को 11939 और नोटा को 951 वोट मिले। इस विधानसभा क्षेत्र से 130 वोट रद्द हुए। लाडवा विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अनिल यादव ने बताया कि लाडवा विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मेवा सिंह को 57 हजार 665, भाजपा प्रत्याशी डा. पवन सैनी को 45 हजार 28, बसपा प्रत्याशी पाल सिंह को 2359, इनेलो प्रत्याशी सपना बड़शामी को 15 हजार 513, आम आदमी पार्टी के गुरदेव सिंह सूरा को 1481, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के नायब सिंह को 9 हजार 99, सर्वहित पार्टी के राजेश घिसरपड़ी को 498, जजपा पार्टी से डा. संतोष दहिया को 2918, राष्ट्रीय जनशक्ति पार्टी से सीता देवी को 437, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से सुनीता देवी को 416, आजाद उम्मीदवार किरण डावर को 358, आजाद उम्मीदवार गुरनाम सिंह को 1307 और नोटो को 684 वोट मिले तथा इस विस क्षेत्र से 8 मत रद्द हुए। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम राजीव प्रसाद ने बताया कि शाहबाद विस क्षेत्र से जजपा प्रत्याशी रामकरण काला को 69233, भाजपा प्रत्याशी कृष्ण कुमार को 32106, कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कुमार धंतौड़ी को 18844, बसपा प्रत्याशी शंकुतला भट्टी को 1398, इनेलो प्रत्याशी संदीप कुमार को 1596, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के प्रत्याशी कुलबीर सिंह को 1950, नोटा को 857 वोट मिले और 82 वोट रद्द हुए। पिहोवा विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम डा. संजय कुमार ने बताया कि पिहोवा विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी संदीप सिंह को 42 हजार 613, कांग्रेस प्रत्याशी मनदीप सिंह चट्ठा को 37 हजार 299, बसपा प्रत्याशी ओंकार सिंह को 1741, इनेलो प्रत्याशी मनजीत सिंह को 405, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के नसीब सिंह को 765, जजपा प्रत्यासी रणधीर सिंह को 18 हजार 846, सर्वहित पार्टी के संजीव कुमार को 442, आजाद उम्मीदवार कंवलजीत सिंह को 188, आजाद उम्मीदवार तेजपाल को 361, आजाद उम्मीदवार प्रदीप कुमार को 1785, आजाद उम्मीदवार स्वामी संदीप कुमार ओमकार को 21 हजार 775, नोटा को 622 वोट मिले है। सभी प्रत्याशियों को संबंधित विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों ने जीतने के बाद प्रमाण पत्र सौंपा।
दूसरी बार थानेसर के विधायक बने सुधा की प्राथमिकता
थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने के बाद कहा कि पार्टी की नीतियां जनकल्याणकारी हैं,जिन्हें अंजाम तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है। कुरुक्षेत्र विश्वमानचित्र पर लाने के लिये देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल कई परियोजनाओं को हरी झंडी दे चुके हैं। उनकी प्राथमिकता कुरुक्षेत्र को पर्यटन हब बनाने की है, ताकि इस क्षेत्र के लोगों को आर्थिक स्थिति में और सुधार हो सके। एलिवेटिड रेलवे ट्रैक और गीता द्वार पिपली से केयू थर्ड गेट तक सिक्सलेन और शहर के सौंदर्यीकरण पर उनका विशेष फोकस रहेगा। थानेसर की जनता ने उन्हें दूसरा अवसर दिया है,वह उनके विश्वास को ठेस नहीं लगने देंगे और कुरुक्षेत्र के विकास के लिये हर संभव प्रयास करेंगे।