पिहोवा। भारत नगर में घर का गेट बंद कर रही एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार दो युवक सोने की बाली छीनकर फरार हो गए। बाली छीनने के दौरान महिला ने बदमाश का डटकर विरोध किया और उसके मुंह पर थप्पड़ तक जड़ दिया, लेकिन आरोपी झपट्टा मारकर करीब आधा तोले की बाली छीनने में कामयाब रहा। वारदात बृहस्पतिवार शाम छह बजे हुई। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग माैके पर पहुंचे। बुजुर्ग सतवंत कौर ने बताया कि वह अपने घर का गेट बंद करके अंदर जाने लगी थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक स्टार्ट करके घर से कुछ दूरी पर खड़ा हो गया, जबकि दूसरा उनके पास आ गया। जब वह गेट बंद करने लगीं तो आरोपी ने दरवाजा बंद नहीं होने दिया। इसी बीच उसने अचानक उनके कान की बाली पकड़कर खींच ली।
सतवंत कौर ने बताया कि बाली खींचने से उनके कान में दर्द हुआ तो उन्होंने आरोपी के मुंह पर थप्पड़ जड़ दिया और उसका विरोध किया। इसके बावजूद आरोपी झपट्टा मारकर बाली छीन ले गया और अपने साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने लाल कमीज और काली पेंट पहनी हुई थी। उसका चेहरा खुला हुआ था। सतवंत कौर ने कहा कि यदि आरोपी उनके सामने दोबारा आता है तो वह उसे पहचान लेंगी।