संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शहर की अचार वाली गली में स्थित अनंत पुरी कुटिया के कमरे में आग लगने से एक बुजुर्ग महिला की जिंदा जलने से मौत हो गई। महिला पिछले छह महीने से कुटिया में बने कमरे में अकेली रह रही थी। मृतक महिला की पहचान 92 वर्षीय विद्या देवी के रूप में हुई है।
पुलिस अन्य जानकारी जुटाने लगी हुई है। जब आग लगी तो उस समय महिला कुटिया में अकेली थी। कुटिया के पास रहने वाले लोगों ने मकान में से धुंआ उठता देखकर डायल 112 को इसकी सूचना दी।
आग लगने के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए है। पड़ोसियों के अनुसार महिला पहले भी कई बार कपड़ो को इकट्ठा कर आग लगा चुकी थी।
उनका कहना है कि मृतक महिला मानसिक रूप से परेशान थी और वह न तो बोल सकती थी और न ही वह सुन पाती थी। जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि महिला की देखभाल शास्त्री नगर में रहने वाला विनोद करता था। उसके परिजनों का अभी पता चल नहीं पाया तथा आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए लेकिन पास रखे गैस सिलिंडर से आग नहीं लगी है, अभी पड़ोसियों से पूछताछ चल रही है।