कुरुक्षेत्र। बाबैन से बाल कटवाने के लिए घर से निकले एक बुजुर्ग का शव शाहाबाद फौजा कॉलोनी रेलवे ट्रैक के पास मिला है। दो दिन पहले निकले बुजुर्ग की तलाश कर रहे परिजनों को शाहाबाद रेलवे स्टेशन पर हादसे का पता चला तो दो दिन बाद मोर्चरी हाउस पहुंचकर शव की पहचान की, जिसके बाद जीआरपी टीम ने शव को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया।
मृतक करीब 71 वर्षीय रमेश चंद्र भारद्वाज बाबैन की निरंकारी कॉलोनी के रहने वाले थे। जीआरपी थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि परिजनों के मुताबिक रमेश चंद्र 18 नवंबर को घर से बाल कटवाने के लिए निकले थे। लेकिन नहीं लौटा।
शाम तक इंतजार के बाद परिजन तलाश करने लगे तो वे शुक्रवार को शाहाबाद रेलवे स्टेशन पर भी पहुंचे, जहां एक पुलिस कर्मी से पूछताछ में उन्हें पता चला कि रेलवे ट्रैक पर एक शव वीरवार को बरामद हुआ है। इसके बाद परिजन मोर्चरी हाउस एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे तो वहां उन्होंने शव की पहचान की।
हालांकि यह अभी पता नहीं चल पाया कि बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचे और हादसे के पीछे क्या कारण रहे। संवाद