गांव गढ़ी रोड़ान में दो भाइयों की कहासुनी के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में बड़े भाई की मौत हो गई है। मृतक की शनाख्त 55 वर्षीय राजेश के रूप में हुई, जो कि अधरंग का मरीज था। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट या अन्य किसी तरह के निशान नहीं मिले हैं। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने 174 की कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात करीब 8 बजे राजेश कुमार की छोटे भाई राजेंद्र के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। शराब के नशे में धुत राजेंद्र ने बड़े भाई राजेश को धक्का दे दिया था। इसके बाद परिजन राजेश को घर ले गए थे। करीब साढ़े 11 बजे के राजेश की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल भिजवाया। ज्योतिसर पुलिस चौकी प्रभारी अजमेर सिंह ने बताया कि परिवार की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। मृतक के शरीर पर किसी चोट के निशान भी नहीं है। पुलिस ने 174 की कार्रवाई करके शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा, जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।