कुरुक्षेत्र। ईद-उल-फितर का पर्व जिलेभर में बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। मुस्लिमों ने मस्जिद में एकत्रित होकर अल्लाह को याद करते हुए नमाज पढ़ी। एक-दूसरे को गले लगाते हुए ईद की मुबारकबाद दी।
थानेसर की शाही चीनी जामा मस्जिद में सुबह से ही लोग जुटने लगे थे। उन्होंने अजान और अन्य धार्मिक क्रियाओं के लिए प्रबंध करते हुए सभी तैयारियां पूरी की। मस्जिद के इमाम मौलाना सागिर अहमद की मौजूदगी में प्रसन्नता जताते हुए सीर का वितरण किया गया। सागिर अहमद ने कहा कि परम शक्ति ने सबको मानव देह देकर अच्छे कार्याें के लिए दुनिया में भेजा है। इसलिए भाईचारे के साथ प्रेमपूर्वक एक-दूसरे का सहारा बनकर समाज को एकता का संदेश देना चाहिए। उन्होंने देश में शांति, सद्भाव और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
बाबैन। जामा मस्जिद बाबैन में ईद का पावन पर्व धूमधाम से मनाया गया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मस्जिद पहुंचे और ईद की खुशियों में शामिल हुए। नमाज अता करने से पहले मस्जिद में साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था और नमाजियों के बैठने के लिए उचित इंतजाम किए गए। नमाजियों ने देश और समाज की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए दुआ मांगी। इसके बाद गले लगाकर ईद मुबारक देते हुए भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
जामा मस्जिद के इमाम जान मोहम्मद ने ईद-उल-फितर का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार रमजान के पवित्र महीने में की गई इबादत, रोजा, संयम और आत्मसंयम के बाद मिलने वाली खुशियों का प्रतीक है। ईद सब्र, त्याग, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद की प्रेरणा देती है। टूटे रिश्तों को फिर से जोड़ने, गरीब-अनाथ और बेसहारा बच्चों और गरीब के अलावा समूची मानवता की सेवा करने का संदेश देता है। सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता करके समाज में एकता-भाईचारा बनाए रखना चाहिए। मस्जिद के बाहर भी लोगों ने एक-दूसरे से मिलकर मिठाइयां बांटी और खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर जिलेदार, रफीक अहमद, नुरदीन, जुलफान खान, गौरव खान, सलमान खान, मनीष खान, रियासत अली, शमसेर, संजय खान, सलीम खान, मुकेश खान, मोहम्मद गुलजार और असरफ खान सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य शामिल रहे।
इस्माईलाबाद। गांव ठोल की मस्जिद में ईद धूमधाम से मनाई गई। मौलवी नौमान अली ने ईद की नमाज अता कराई। उन्होंने कहा कि सभी पर्व साथ मिलकर मनाने चाहिए। इनके माध्यम से आपसी भाईचारे का संदेश मिलता है। सभी ने एक-दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। सबके अमन-चैन की खुदा से मन्नत मांगी। इस अवसर पर यामीन, गुलजार खां, अलीशेर, हाकम अली, अरुण सांगवान, सुरेंद्र धीमान और सचिन बंसल सहित अन्य मौजूद रहे।
इस्माईलाबाद। गांव ठोल की मस्जिद में ईद का पर्व मनाते विशेष समुदाय के लोग। संवाद
इस्माईलाबाद। गांव ठोल की मस्जिद में ईद का पर्व मनाते विशेष समुदाय के लोग। संवाद