कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक कर्मचारी संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान कर दिया है। कुंटिया अब विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा काटा गया कर्मचारियों का एक सप्ताह का वेतन और 2 माह तक दो-दो घंटे तक अतिरिक्त कार्य करने के संदर्भ में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं से संपर्क कर रहे हैं। इस संदर्भ में कुंटिया कार्यालय में मंगलवार को बैठक भी हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे कुंटिया प्रधान सुनील कक्कड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार गैर शिक्षक कर्मचारियों का शोषण कर रहा है, लेकिन कर्मचारी अपने हक की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हिसार में आयोजित हरियाणा विश्वविद्यालय कर्मचारी फेडरेशन की मीटिंग में फैसला लिया गया है कि 20 जुलाई को सर्व कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कुंटिया मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं एवं लंबित पड़ी मांगों को लेकर अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों का रुका हुआ सातवें वेतन आयोग का करीब 35 करोड़ का एरियर जारी कराया गया है। इस संदर्भ में सरकार की ओर से विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र भी जारी किया गया है। प्रधान सुनील कक्कड़, महासचिव कैलाश शर्मा, उपप्रधान चंदन सिंह तथा कोषाध्यक्ष गुरमेल ने बताया कि कुंटिया हरियाणा सरकार से मांग करती है कि अब शीघ्र कर्मचारियों के एरियर की राशि विश्वविद्यालय प्रशासन के खाते में भेज कर प्रशासन को निर्देश जारी करें कि कर्मचारियों की राशि तुरंत कर्मचारियों के खाते में डाली जाए।